लखनऊ। विधानसभा की 10 सीटों पर उपचुनाव को लेकर आज से नामांकन हो रहा है। भाजपा ने किसी भी सीट पर अभी तक एक भी नाम का ऐलान नहीं किया है।
उपचुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने के बाद नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभी तक सपा और बसपा ने कुछ सीटों पर चेहरों का नाम घोषित किया है। कांग्रेस को भी इंडिया गठबंधन के तहत 2 सीटे सपा ने दी हैं। 25 अक्तूबर तक इन सीटों पर नामांकन दाख़िल किए जा सकेंगे। 28 अक्टूबर को पर्चो की जाँच होगी, 30 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 13 नवंबर को मतदान और 23 नवम्बर को मतगणना होगी।
इस बीच भाजपा और रालोद ने यूपी में होने वाले विधानसभा उप-चुनाव की तारीख़ों में बदलाव की मांग के लिए चुनाव आयोग को ज्ञापन सौंपा है। बीजेपी प्रतिनिधिमंडल ने अपने ज्ञापन में कहा कि 15 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा है और कुंदरकी, मीरापुर, गाजियाबाद और प्रयागराज में लोग तीन चार दिन पहले इकट्ठे जो जाते हैं। ऐसे में चुनाव आयोग को कार्तिक पूर्णिमा को ध्यान में रखते हुए तारीख़ों में बदलाव करना चाहिए 13 नवंबर की जगह 20 नवंबर को चुनाव कराने पर विचार करना चाहिए।

