नई दिल्ली। कालिंदी कुंज थाना क्षेत्र के जैतपुर स्थित नीमा अस्पताल में पट्टी कराने आए युवकों ने एक डॉक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी। अस्पताल के कर्मचारियों के अनुसार, दो लोग घायल अवस्था में अस्पताल आए थे, ड्रेसिंग के बाद उन्होंने डॉक्टर को गोली मार दी। पुलिस पूछताछ के दौरान पता चला कि बुधवार देर रात करीब एक बजे 16 से 17 साल की उम्र के दो लड़के अस्पताल में में आए थे। उनमें से एक ने अपने घायल पैर की पट्टी बदलने के लिए कहा। इस लड़के की पट्टी भी पिछली रात उसी अस्पताल में की गई थी। एमडी कामिल द्वारा पट्टी बांधने के बाद दोनों दवा लेने के लिए यूनानी चिकित्सक (बीयूएमएस) जावेद अख्तर के केबिन में गए और गोली मारकर हत्या कर दी। गोली की आवाज सुनकर स्टाफ पहुंचा तो डाक्टर को लहूलुहान पडे पाया। हमलावर भाग चुके थे। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

