अंबाला। बीजेपी कैंडिडेट को किसानों ने बंधक बना लिया। सैनी के काफिले को ट्रैक्टरों से घेर लिया। इसके चलते डेढ़ घंटे हंगामा हुआ। पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें निकाला।
नारायणगढ़ विधानसभा हलका मुख्यमंत्री नायब सैनी का गृहक्षेत्र है। नायब सैनी इस बार लाडवा से चुनाव लड़ रहे हैं और लाडवा से प्रमुख दावेदार रहे पवन सैनी नारायणगढ़ हलके चुनाव लड़ रहे हैं। नारायणगढ़ से उम्मीदवार पवन सैनी रविवार शाम काफिले के साथ वोट मांगने फतेहगढ़ जा रहे थे। रास्ते में किसानों ने चारों तरफ से ट्रैक्टर लगा कर उन्हें घेर लिया। करीब डेढ़ घंटे तक वह किसानों के बीच फंसे रहे। किसान उन्हें ट्रैक्टर चढ़ा कर कुचलने का डर दिखाते रहे। इस दौरान खूब हंगामा हुआ। सूचना मिलने के बाद अंबाला के एसपी सुरेंद्र भौरिया भारी पुलिस बस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाठीचार्ज कर पवन सैनी को सुरक्षित वहां से निकाला। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

