मुजफ्फरनगर। पेरिस पैरालंपिक में दो कांस्य पदक जीतने वाली प्रीति पाल का आज यहां पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। खतौली के पास भंगेला में जिले की सीमा पर उनका अभिनंदन किया गया। इसके बाद सैकड़ो गाड़ियों की काफिले के साथ वह शहर में पहुंची। शहर में बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए मौजूद थे। प्रीति पाल ने स्विच ऑफ पर पहुंचकर भगवान शिव की आराधना की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए जिले में बड़ा स्टेडियम बनाया जाना चाहिए। उन्होेंने कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कमी नहीं है उन्हें आगे लाने की जरूरत है।शहर पहुंचने पर प्रीति ने परिजनों के साथ शिव चौक पर माथा टेककर भगवान शिव शंकर का आशीर्वाद लिया और फिर समाज की देवी अहिल्याबाई होल्कर स्मारक पर पहुंचकर उनको नमन करते हुए पुष्प अर्पित किये। प्रीति पाल ने अपनी इस जीत को देशवासियों की दुआओं का असर बताया। पेरिस में आयोजित हुए पैरा ओलंपिक गेम्स 2024 में मुजफ्फरनगर जनपद की मीरापुर विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले गांव हाशमपुर के एक साधारण किसान परिवार की बेटी प्रीति पाल ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। सबसे पहले प्रीति ने ट्रैक स्पर्धा की 100 मीटर (टी-35) कैटेगरी रेस में भारतीय एथलीट टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। प्रीति इस प्रदर्शन के साथ ही पैराओलंपिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई। इसके बाद अगले मुकाबले में प्रीति पाल ने 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में भी अपने प्रदर्शन को दोहराया ओर पैरा ओलंपिक में लगातार दूसरा कांस्य पदक जीतकर नया रिकॉर्ड कायम किया।


