नई दिल्ली। अमेरिका में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, “मोदी जी का 56 इंच का सीना और उनका भगवान से डायरेक्ट कनेक्शन, अब यह सब इतिहास बन चुका है।” प्रधानमंत्री की जो छवि बनाई गई थी, वह अब फीकी पड़ चुकी है। राहुल गांधी ने कहा चुनाव के बाद मोदी जी की ताकत कमजोर हो गई है। उन्होंने कहा कि भारत में निष्पक्ष व्यवस्था नहीं है और वे सिखों की पगड़ी की सुरक्षा के लिए लड़ रहे हैं।
इसे लेकर केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी के अमेरिका में दिए गए बयान से देश की छवि धूमिल हो रही है। पुरी ने कहा कि राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और बीजेपी पर गलत बयानबाजी की है। यह बयान भारत के लिए खतरनाक नैरेटिव सेट कर सकता है। राहुल गांधी ने अमेरिका में भारतीय प्रवासी समुदाय के सामने आरएसएस पर तंज कसा था। राहुल गांधी ने कहा था कि मैं इसलिए लड़ाई लड़ रहा हूं कि सिख अपनी पगड़ी और कड़ा पहन सके।
राहुल गांधी ने सिखों के धार्मिक चिन्हों कड़ा और पगड़ी का जिक्र किया था। कांग्रेस नेता ने कहा था कि बीजेपी और कांग्रेस के बीच लड़ाई सिर्फ राजनीति की नहीं है, बल्कि धर्म की आजादी की भी है। हरदीप पुरी ने इस बयान पर राहुल गांधी को घेरा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि “मैंने 60 साल से पगड़ी पहन रखी है और कभी किसी ने सवाल नहीं उठाया।” पुरी ने यह भी जोड़ा कि सिखों को सबसे ज्यादा मुश्किलें तब झेलनी पड़ीं जब 1984 के दंगे हुए, और यह कांग्रेस के शासनकाल में हुआ।
पुरी ने राहुल गांधी को याद दिलाया कि सिखों को सबसे बड़ा खतरा 1984 के सिख विरोधी दंगों के दौरान हुआ था। जब इंदिरा गांधी की हत्या के बाद निर्दोष सिखों को मार दिया गया था। पुरी ने कहा कि राजीव गांधी ने सिखों पर हिंसा के बाद विवादास्पद बयान दिया था। राजीव गांधी ने कहा था कि जब बड़ा पेड़ गिरता है, तो धरती हिलती है। हरदीप पुरी ने कहा कि यह बयान सिखों के खिलाफ हिंसा को एक तरह से जायज ठहराने जैसा था। अब राहुल किस मुंह से सिखों की सुरक्षा की बात कर रहे हैं।

