एटा। कासगंज बार एसोसिएशन की लापता अधिवक्ता मोहिनी तोमर की हत्या कर दी गई है। कल ढाई बजे से न्यायालय से लापता हुई अधिवक्ता की लाश कासगंज के पास रजपुरा नहर में नग्न अवस्था तैरती हुई मिली है। हत्यारों ने बड़ी बेरहमी से हत्या की है।
कासगंज के नदरई गेट मुहल्ला माधोपुरी कॉलोनी निवासी मोहनी तोमर पत्नी बृजतेंद्र तोमर 3 अगस्त की सुबह वह घर से 11 बजे स्कूटी लेकर न्यायालय गईं थी। दोपहर बाद उन्होंने अपने पति को कलेक्ट्रेट जाने के लिए कार मंगाई और 12:30 बजे कार से अपने पति के साथ गई थी। 2:30 बजे उनके पति न्यायालय के गेट पर छोड़कर घर चले आए। शाम को घर नहीं पहुंची तो उनके पति ने फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला। मोबाइल बंद होने से उनके होश फाख्ता हो गए। काफी खोजबीन की गई, लेकिन कोई अता पता नहीं चला। उनकी स्कूटी न्यायालय परिसर में खड़ी हुई है।
शाम को कासगंज कोतवाली में पति बृजतेन्द्र ने गुमशुदगी की तहरीर दी । अधिवक्ता के पति वृजतेद्र तोमर ने बताया कि 2:30 पर अपनी पत्नी को न्यायालय के मुख्य द्वार पर छोड़कर आए थे उसके बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया वह लापता हो गई।

