Skip to main content

TR NEWS UP-UK

मुस्लिमों की मस्जिदें तक छीन ली जाएंगी: सांसद इमरान मसूद

 

मुजफ्फरनगर । कांग्रेस सांसद और मीरापुर विधानसभा के प्रभारी इमरान मसूद ने कहा कि हमारी लड़ाई भाजपा से नहीं, भाजपा की विचारधारा से है। वक्फ संशोधन विधेयक के माध्यम से मुस्लिमों की मस्जिदें तक छीन ली जाएंगी। दरगाह, कब्रिस्तान और ईदगाह नहीं बचेंगे। नकली संविधान के रक्षकों से बचकर रहना। भाजपा सरकार में किसान बर्बादी की कगार पर हैं। संविधान सही होगा तो हम होंगे और संविधान की रक्षा सिर्फ राहुल गांधी ही कर सकते हैं।

मुजफ्फरनगर के मीरापुर कस्बा स्थित मंडप में मीरापुर उपचुनाव के लिए आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में मसूद ने कहा कि यह लोकतांत्रिक देश है, इस देश में लोकतांत्रिक क्रियाओं का पालन होना चाहिए। भाजपा सरकार में लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाने की नीति है। सरकार में जो लोग नफरत फैलाकर सियासत करने की राजनीति कर रहे हैं, वे लोग यह काम बंद कर दें। मसूद ने कहा कि गोकशी के नाम पर नफरत फैलाकर मॉब लिंचिंग कर लोगों को मारने का जो सिलसिला देश के शुरू हुआ है, उसी में फरीदाबाद में आर्यन मिश्रा को गोकशी के शक में गोली मार दी गई थी। देश के अंदर जंगलराज है। जब तक पूरे देश में एकता का माहौल नहीं होगा, तब तक संविधान बचने वाला नहीं है। मसूद ने कहा कि मीरापुर के उपचुनाव को लेकर बहुत सारे प्रत्याशी दावेदारी कर रहे हैं। इतने लोगों से चुनाव नहीं लड़ा जाता है। हम सबको एकजुट होकर भाजपा को नहीं हराना, बल्कि एकजुट होकर आपस में न बंटते हुए कांग्रेस को जीत दिलानी है। इस माह के अंत में मीरापुर में संविधान सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यकर्ताओं हिम्मत तो करो फिर देखना कांग्रेस व गठबंधन की जीत होगी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुबोध शर्मा ने की और संचालन नावेद खान ने किया। इस मौके पर सतीश सहरावत, गुफरान काजमी, मुदस्सिर जम़ा, नानू मिया, सैय्यद मुनीर, मुकेश शर्मा, कीर्तिभूषण शर्मा आदि मौजूद रहे।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *