समर्पित युवा समिति की प्रेरणा से हुआ यह नेक काम
मुजफ्फरनगर। आज प्रातः धमीजा परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा जब सैकड़ों लोगों को अपने रक्त व प्लेटलेट्स द्वारा जीवन दान दे चुके हर्षित धमीजा के पिता का आकस्मिक निधन हो गया। ऐसे विकट समय में भी हर्षित व उनका परिवार समाज की सेवा को नहीं भूला और हर्षित के पिता श्री विनोद अपने नेत्रदान द्वारा दुनिया से जाते जाते दो लोगों को जीवन ज्योति व समाज को प्रेरणा दे गए।
धमीजा परिवार के हर्षित धमीजा, प्रज्वल धमीजा व शिवम धमीजा समर्पित युवा समिति के माध्यम से नियमित रक्तदान व प्लेटलेट्स डोनेट कर सैकड़ों लोगों का जीवन बचा चुके हैं। आज गांधी कॉलोनी निवासी समर्पित युवा के सदस्य हर्षित धमीजा के पिता विनोद धमीजा का आकस्मिक निधन हो गया । समर्पित युवा समिति के सदस्य संजीव अरोड़ा ने परिवार को दिवंगत श्री विनोद धमीजा के नेत्रदान के लिए प्रेरित किया तो उनके परिवार से पत्नी मीनू, पुत्र हर्षित पुत्री प्रेरणा एवम दिव्या ने सर्वसम्मति से पिता जी के नेत्रदान करने का साहसिक निर्णय लिया और तुरंत ही समर्पित युवा समिति की टीम संजीव अरोड़ा के नेतृत्व में नेत्रदान के पुण्य कार्य को संपन्न करने के प्रयास में लग गई और मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज के नेत्र विभाग में संपर्क किया गया जहां से कुशल एवं अनुभवी डाक्टर एवं उनकी टीम ने समय से पहुंच कर नेत्रदान संपन्न करवाया। टीम का नेतृत्व कर रहे अमित त्यागी के अनुसार दोनों कॉर्निया स्वस्थ हैं व अतिशीघ्र 2 सुपात्र व्यक्तियों को प्रत्यारोपित कर दिए जायेंगे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर संघ चालक श्री अनिल धमीजा जी, धमीजा परिवार के सदस्य श्री अशोक धमीजा, प्रेम धमीजा, रामप्रकाश धमीजा, अभिनव, अनिकेत, विकास आहूजा उपस्थित थे। संजीव अरोड़ा ने बताया कि पिछले वर्ष समर्पित युवा समिति के माध्यम से पाँच महादानियों ने अपने परलोक गमन के बाद नेत्रदान किए थे इस वर्ष की शुरुवात में ही समर्पित युवा समिति के माध्यम से 2 लोग का नेत्रदान हुआ है अब तक कुल 10 नेत्रदान समर्पित युवा समिति के माध्यम से हो गए है।
समर्पित युवा अमित पटपटिया ने बताया की समर्पित युवा समिति रक्तदान के साथ-साथ नेत्रदान के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रही है मृत्यु के 6 घंटे के भीतर नेत्रदान कराया जा सकता है सभी को धमीजा परिवार से प्रेरणा लेकर इस प्रकार के पुण्य कार्य को करना चाहिए। हितेश आनंद ने कहा कि समिति जिले में विभिन्न स्थानों पर शीघ्र ही कई नेत्रदान पंजीकरण शिविर लगाएगी और समाज को जागरूक कर भविष्य के लिए नेत्रदाता तैयार करेगी।


