नई दिल्ली। आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति ने सुप्रीम कोर्ट के एससी/एसटी रिजर्वेशन को लेकर दिए गए फैसले के विरोध में 21 अगस्त को भारत बंद का आह्वान किया है। एससी/एसटी समूहों के साथ बसपा और भीम आर्मी का समर्थन इस बंद को मिला है। समाजवादी पार्टी ने भी बंद का समर्थन किया है। व्यापारी संगठनों ने बंद का समर्थन नहीं किया है। ऐसे में टकराव की आशंका है।
2 अप्रैल 2018 को ऐसे आरक्षण विरोधी बंद के दौरान व्यापक हिंसा व आगजनी को देखते हुए पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। विरोध प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों को व्यवस्था बनाए रखने के लिए उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। इस सबके बीच 21 अगस्त, 2024 को देशभर में बैंक शाखाएं खुली रहेंगी। वैसे विरोध प्रदर्शन के आयोजकों ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद रखने का आह्वान किया है। सरकारी भवन, डाकघर, बैंक, स्कूल, कॉलेज और गैस स्टेशन सामान्य रूप से चलने की उम्मीद है। इसके अलावा चिकित्सा सुविधाएं, पेयजल आपूर्ति, रेल सेवाएं, सार्वजनिक परिवहन और बिजली आपूर्ति जैसी आवश्यक सेवाएं भी बिना किसी व्यवधान के जारी रहेंगी।


