मुजफ्फरनगर । पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ राजनीतिज्ञ बाबू सोमांश प्रकाश का नई मंडी श्मशानघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। तमाम गणमान्य लोगों ने वकील रोड स्थित उनके आवास और श्मशानघाट पर पहुंच कर श्रद्धांजलि दी। 
उनका सोमवार की रात्रि देहावसान हो गया था। वह तीन मर्तबा विधायक चुने गये तथा विधानसभा में थानाभवन और मुजफ्फनगर सदर सीट का प्रतिनिधित्व किया। पूर्व पीएम वीपी सिंह से उनकी बेहद करीबी थी। जनता दल गठन के बाद उन्हें राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया था। महान संत विभूति, शिक्षा ऋषि वीतराग स्वामी कल्याणदेव महाराज के परम भक्त थे। उन्होंने श्री शुकदेव ट्रस्ट , शुकतीर्थ के अध्यक्ष पद का दायित्व 20 साल निभाया। उनके नई मंडी आवास पर पहुँचे पीठाधीश्वर पूज्य स्वामी ओमानन्द महाराज, ट्रस्टी देवराज पंवार, ओमदत्त देव, कथा व्यास अचल शास्त्री ने श्रद्धाजंलि अर्पित की। तमाम राजनीतिक और सामाजिक चेहरे इस दौरान उपस्थित रहे। 


