मुजफ्फरनगर । रक्षाबंधन का उत्साह आज नजर आया। बहनों ने भाईयों की कलाई पर राखी बांधी तो भाईयों ने उन्हें उपहार दिए। बच्चों का उत्साह देखते ही बना। बसों व रेलगाडियों में भारी भीड़ रही।
पर्व को लेकर तकरीबन एक माह पूर्व ही थोक बाजार सज गया था, जबकि राखी बेचने के लिए फुटकर कारोबारियों ने मुख्य बाजारों से लेकर गली मुहल्ले तक खूब बिक्री की। पर्व के चलते फुटकर दुकानों पर लोगों की खासी भीड़ उमड़ी। बहुत सी बहनों ने रामलला, कान्हा, राधा-कृष्ण वाली राखियां खरीदना पसंद की। कुछ बहनों ने अपने भाइयों के लिए सोने-चांदी और गुलाबी मीनाकारी की राखियां खरीदी। बच्चों के लिए कार्टून किरदार वाली राखियां ही खरीदने में लोगों ने दिलचस्पी दिखाई।
सराफा कारोबारी सुरेंद्र अग्रवाल ने कहा कि सराफा बाजार में भी चांदी की राखियां लोगों ने खरीदी। मदन संस के रचित सिंघल ने बताया कि काजू बर्फी, मलाई घेवर, मेवा बाइट के साथ मोतीचूर लड्डू की खासी डिमांड रही। फ्लेवर्ड घेवर भी पसंद किया गया। सूखी मिठाई ग्राहकों को ज्यादा पसंद आती है। वहीं द्वारका पुरी में ही मिठाई के एक अन्य कारोबारी किशोर मदन ने बताया कि घेवर, मोतीचूर की बिक्री ज्यादा हुई। इस बार रक्षाबंधन को लेकर बाजार में उत्साह है। मेवे, काजू की मिठाई और घेवर बहनों ने खूब खरीदी। बहनों को देने के लिए उपहार भी खूब बिके।


