मुजफ्फरनगर। मंगलवार सुबह शामली रोड पर एक पुलिस सिपाही की पीनना चरथावल बाइपास मोड़ के पास हादसे में मौत हो गई। 45 वर्षीय समरयाब मंगलवार को 15 अगस्त की रिहर्सल परेड में शामिल होने जा रहे थे।
मंगलवार को शहर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई थी कि पीनना चरथावल बाईपास मोड़ पर बाइक सवार एक व्यक्ति को अज्ञात वाहन टक्कर मार कर भाग गया है। बाइक चालक की हालत खराब है। हादसा इतना भीषण था कि घटना के समय सिपाही का हेलमेट भी चकनाचूर हो गया था। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल की तो मृतक के पास से शामली पुलिस में तैनात सिपाही होने का सुबूत मिला। उसका नाम समरयाब था और वह शामली पुलिस लाइन में तैनात था। शामली जनपद के पुलिस अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी गई। बताया गया है कि मृतक समरयाब मूल रूप से सहारनपुर जनपद के देवबंद कस्बे के मोहल्ला गुजर्रवाड़ा का निवासी था। पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया था। सूचना देने पर मृतक का भाई आसिफ व अन्य परिजन मोर्चरी पहुंचे थे। पुलिस ने शाम के समय पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।


