मुजफ्फरनगर। भोपा रोड स्थित फैक्ट्री पर प्रदूषण करने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने वाले भारतीय किसान यूनियन तोमर के कार्यकर्ताओं के हुड़दंग के विरोध में आज फैक्ट्री मालिक जिलाधिकारी से मिले और शिकायत की। बताया गया कि बीती रात कुछ लोगों ने एक पेपर. मिल के अंदर घुसकर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। आज सुबह ये लोग वहां धरना देकर बैठ गए। इसके बाद आज पेपर मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल के नेतृत्व में फैक्ट्री के मालिक जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचे और डीएम से मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग किसान यूनियन के नाम पर फैक्ट्रियों को परेशान कर रहे हैं और अपने हित साधना चाहते हैं। जिलाधिकारी के आदेश पर बाद में एसडीएम सदर तथा पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों की बातचीत की। किसानों ने वहां पहुंचे प्रदूषण अधिकारी को जमकर खरी-खोटी सुनाई और कहा कि उनके देखरेख में ही प्रदूषण फैलाया जा रहा है।


