रुड़की। पिछले दिनों गायब हुए एक किशोरी की लाश हरिद्वार में बहदराबाद हाईवे पर मिलने से हंगामा मच गया। मौके पर पहुंचे किशोरी के परिजनों ने हंगामा कर दिया। परिजनों ने गैंगरेप के बाद किशोरी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। परिजनों ने इस पूरे मामले में बीजेपी युवा मोर्चा के पदाधिकारी आदित्यराज सैनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आदित्यराज को भाजपा से निष्कासित कर दिया गया है।
किशोरी के परिजनों ने भाजपा नेता और ओबीसी मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आदित्यराज सैनी पर अपनी 13 साल की बेटी के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है। महिला ने तहरीर में बताया कि आदित्यराज के घर काम करने वाला युवक अमित 23 जून को उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। देर रात जब वो घर नहीं लौटी तो उन्होंने अमित से फोन पर बात की। अमित ने बताया की किशोरी उनके साथ है और अभी वो उसे फोन न करे। आरोप है कि जब महिला ने पुलिस को तहरीर देने की बात की तो आदित्यराज ने मामला निपटाने के लिए कहा। उसके कुछ ही देर बार किशोरी का शव बहादराबाद थाना क्षेत्र में हाईवे किनारे पड़ा मिला। इसके बाद किशोरी की मां ने पुलिस को तहरीर दी। इस तहरीर में बताया की अमित ने छह महीने पहले किशोरी को प्रेमजाल में फंसाया था। आरोप है की अमित शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करता था।

