नई दिल्ली। प्रेम नगर इलाके में एक घर में भीषण आग लगने से पति-पत्नी और दो जवान बेटों समेत चार लोगों की मौत हो गई। बताया जाता है कि आग सुबह करीब 3:30 बजे लगी। पडौसी ने इसे देखा और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। तत्काल दो दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि नजफगढ़ के प्रेम नगर इलाके में सोमवार देर रात एक घर में आग लगने से दंपती समेत परिवार के चार लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। आग इनवर्टर में शॉर्ट सर्किट से लगी, घटना के समय परिवार के सदस्य पहली मंजिल पर सो रहे थे।
दमकल कर्मचारियों ने परिवार के सभी लोगों को बेहोश हालत में बाहर निकालकर पास के अस्पताल पहुंचाया। वहां चारों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान हीरा सिंह, उनकी पत्नी नीतू सिंह, बेटा रॉबिन और लक्ष्य के रूप में हुई है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।

