लखनऊ । लोकसभा चुनावों में भाजपा के साथ लड़ने वाली राष्ट्रीय लोकदल अब उपचुनावों में भी भाजपा के साथ दिख सकती है। रालोद दो सीटों पर लड़ती हुई दिखेगी।
रालोद प्रदेश में होने वाले विधानसभा उपचुनाव में दो सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। ये सीटें मुजफ्फनगर की मीरापुर और अलीगढ़ की खैर हैं। राष्ट्रीय महासचिव संगठन त्रिलोक त्यागी ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इनमें से मीरापुर तो हमारी ही सीट है। यहां से रालोद विधायक चंदन चौहान अब सांसद बन गए हैं। अन्य सीट के लिए एनडीए से बात होगी। जब चंदन चौहान परिवार की दावेदारी के लिए पूछा उन्होंने कहा कि इस सीट से चंदन चौहान विधायक थे। उनका परिवार चाहे तो चुनाव लड़ सकता है। इसके लिए भाजपा और रालोद गठबंधन राष्ट्रीय कार्यकारिणी तय करेगी। यूपी में सीएम योगी ने ट्यूबवेल का बिल माफ कर किसानों को बड़ी राहत दी है। कहा, किसानों के मुद्दों पर पार्टी का नजरिया पूर्ववत है। इस मौके पर राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल दुबे, राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल भी मौजूद रहे।
त्यागी ने कहा कि यह कहना गलत है कि लोस चुनाव में भाजपा को रालोद से गठबंधन का लाभ नहीं मिला। आगरा से सहारनपुर तक गठबंधन सफल रहा। हमारी वजह से भाजपा ने कई सीटें जीतीं हैं। कुछ सीटें सत्ता विरोधी लहर से हारी हैं, लेकिन भाजपा इस पर बोलने से बच रही है।

