नई दिल्ली। एनडीए संसदीय दल की बैठक में रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी को मंच पर जगह ना मिलने को लेकर सपा और कांग्रेस द्वारा भड़काने की कोशिश का जयंत चौधरी पर कोई असर नहीं पड़ा। मीडिया के सवाल पर उन्होंने बस इतना कहा कि एनडीए संसदीय दल की बैठक में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद के लिए चुना गया है। एनडीए की बैठक में हमने कई चर्चाएं की हैं। जिस तरह पीएम मोदी ने 10 साल काम किया है, उसी ऊर्जा के साथ आगे काम करेंगे। उन्होंने अपने मंत्री पद को लेकर भी कोई जिक्र नहीं किया। दूसरी ओर जयंत चौधरी के बेहद करीबी एक नेता ने कहा कि मंच पर जग नहीं देना कोई बड़ा मुद्दा नहीं है। यह केवल मिस-मैनेजमेंट का मामला है। सेंट्रल हॉल में एनडीए संसदीय दल की बैठक में भाजपा के सांसदों, मुख्यमंत्रियों समेत एनडीए में शामिल दलों के नेता और सांसद भी वहां उपस्थित थे। काफी भीड़भाड़ थी। कुर्सी लगाने को लेकर कोई गलती हो गई होगी। इस बात को इतना तूल नहीं देना चाहिए। कोई ऐसा जानबूझ कर क्यों करेगा। वह कहते हैं, गुरुवार को जब एनडीए के घटक दलों की बैठक हुई थी, तब भी नरेंद्र मोदी ने उनसे उनका हालचाल पूछा था, जिसकी तस्वीरें भी शेयर हुईं थीं। आज भी जब एनडीए के नेता राष्ट्रपति से मिलने गए थे, तब भी राष्ट्रपति के बाएं तरफ पंक्ति में खड़े हैं। इसकी भी फोटो शेयर हुईं हैं। सूत्र बताते हैं कि आरएलडी के खाते में एक मंत्री पद आ सकता है। वहीं आरएलडी को लेकर एनडीए में किसी तरह के मनमुटाव पर वह कहते हैं, “ऑल इज वेल।” वैसे भी दो सांसदों के बल पर रालोद आंखे तरेरने की स्थिति में नहीं है। अब देखना है रालोद से किसे मंत्री बनाया जाता है!

