मुजफ्फरनगर । मुजफ्फरनगर जनपद में आगामी 9 अप्रैल का प्रदेश के मुखिया के आने का कार्यक्रम अब बदल गया है। योगी सरकार में मंत्री एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 9 अप्रैल के बजाए जनपद में 13 अप्रैल को यहां आएंगे। सोमवार देर सायं मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने इस संबंध में जानकारी देते हुए तमाम कयासों पर विराम लगा दिया है। कहना गलत न होगा कि आने वाला 13 अप्रैल का दिन मुजफ्फरनगर के लिए ऐतिहासिक साबित होगा, जब यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे पर जनपद में आएंगे। उनके आगमन को लेकर जनपद में उत्साह है, वहीं प्रशासनिक अमला तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।
मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान जहां वीरांगना महान समाजसेवी और मराठा साम्राज्य की प्रख्यात शासिका देवी अहिल्याबाई होल्कर की भव्य प्रतिमा का अनावरण करेंगे। वहीं अनावरण के बाद नुमाइश ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस जनसभा में हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। भाजपा कार्यकर्ता और आमजन दोनों ही उत्साहित हैं और कार्यक्रम में भाग लेने के लिए तैयार हैं।
उधर, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग, मंच निर्माण, पार्किंग और यातायात प्रबंधन को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया जाएगा। मेरठ और सहारनपुर में बीते दिनों हुए मुख्यमंत्री के दौरों के बीच राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। जनसभा में सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को जनता के सामने रखा जाएगा और आगामी रणनीतियों के संकेत भी मिल सकते हैं। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए शहर में जगह-जगह स्वागत द्वार और होर्डिंग्स लगाए जा रहे हैं। स्थानीय संगठनों और व्यापार मंडलों ने भी तैयारी पूरी कर ली हैं।


