मुजफ्फरनगर। जनपद में दिनांक 15 मार्च को आयोजित उ0प्र0 पुलिस उपनिरीक्षक लिखित परीक्षा को मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा सकुशल सम्पन्न कराया गया।
जनपद मुजफ्फरनगर में उ0प्र0 पुलिस उपनिरीक्षक (Sub Inspector) भर्ती परीक्षा की लिखित परीक्षा दो पालियों में जनपद के 17 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की गयी। उक्त परीक्षा में कुल 15,360 अभ्यर्थियों को सम्मिलित होना था, जिसमें से 11,012 अभ्यर्थियों द्वारा परीक्षा में प्रतिभाग किया गया, जबकि 4,348 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत द्वारा विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महोदय द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों, प्रवेश द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को सतर्कता एवं अनुशासन के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।साथ ही महोदय द्वारा परीक्षा से संबंधित स्ट्रांग रूम का भी निरीक्षण किया गया। भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि परीक्षा केन्द्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके अतिरिक्त एसपी सिटी द्वारा नगर नियंत्रण कक्ष में लगे कैमरों के माध्यम से शहर की कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया। मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है तथा सम्पूर्ण परीक्षा अवधि के दौरान सतत निगरानी रखी जा रही है।


