मेरठ। दौराला थाना क्षेत्र के एक गांव में बरात आने से पहले ही दुल्हन ब्यूटी पार्लर सेरिश्ते के मौसेरे भाई के साथ फरार हो गई। परिजनों ने दूल्हे और उसके परिजनों को बरात लाने से रोक दिया। पुलिस दुल्हन और युवक की तलाश में जुटी है।
दौराला के एक गांव निवासी ग्रामीण ने अपनी बेटी का रिश्ता रोहटा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से तय किया था। सगाई आदि की रस्में हो चुकी थीं। सोमवार देर रात युवती की बरात आनी थी। सुबह से ही परिवार के लोग तैयारी में जुटे थे। मंडप सज चुका था। मंडप से लेकर गांव के बाहर तक सजावट की गई थी। दुल्हन पक्ष के सभी रिश्तेदार आ चुके थे और खाना भी तैयार हो चुका था। सभी बरात आने का इंतजार कर रहे थे। देर शाम को बरात आने से पहले दुल्हन दौराला स्थित एक ब्यूटी पार्लर में तैयार होने के लिए गई थी। बरात दुल्हन के घर आने के लिए तैयार हो चुकी थी। तभी दुल्हन ब्यूटी पार्लर से लापता हो गई।
