गाजियाबाद। शादी के आठ साल बाद मेकेनिकल इंजीनियर पति साड़ी पहनने लगा और होठों पर लिपस्टिक भी लगाने लगा। उसने खुद को महिला बताते हुए आधार कार्ड में अपना नाम और लिंग भी बदलवा लिया। पत्नी पहले मजाक समझती रही परइंजीनियर ने दो टूक कह दिया कि वह महिला बनने के लिए दवा ले रहा है। जल्द ही सर्जरी कराकर महिला बन जाएगा। उसने परिवार के लोगों से भी कह दिया कि उसे पुरुष नहीं, महिला समझा जाए। अब मामला तलाक पर आ गया है।
नगर में राजनगर एक्सटेंशन की निवासी महिला और उसके पति दोनों ने कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी दी है। अर्जी सहमति के आधार पर दी गई है। महिला ने पति को तलाक के लिए राजी किया है। पति को भी इस पर आपत्ति नहीं है। महिला के वकील ने बताया कि दोनों की शादी 2013 में हुई थी। इंजीनियर बहुराष्ट्रीय कंपनी में काम करता है। दोनों का शादी के चार साल बाद 2017 में बेटा हुआ। 2021 तक दोनों का वैवाहिक जीवन ठीक चल रहा था। 2021 में ही इंजीनियर को कंपनी के काम से बंगलूरू जाना पड़ा। वहां से वापसी के बाद उसका व्यवहार अचानक से बदल गया। उसने पत्नी की साड़ी पहनना शुरू कर दिया। तलाक की अर्जी के साथ इंजीनियर ने पत्नी को 18 लाख रुपये भी दे दिए हैं और अपनी पोस्टिंग भी बेंगलुरू में करा ली है। महिला ने गुजारे के लिए निजी कंपनी में नौकरी शुरू कर दी है। दोनों वर्ष 2021 से ही अलग रह रहे हैं।
