नागपुर। नगर के जरीपटका इलाके में पति-पत्नी ने अपनी शादी की 26वीं सालगिरह के दिन शादी का जोड़ा पहनकर खुदखुशी कर ली। मृतक दंपति का नाम जेरील डासमोन ऑस्कर मॉनक्रीफ और एनी जेरील मॉनक्रीफ था।
सूत्रों के मुताबिक, वे बच्चा न होने और बेरोजगारी से परेशान थे। मंगलवार को उनकी शादी की सालगिरह थी। इसी दिन उन्होंने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ पार्टी की। शादी का जोड़ा पहना। इसके बाद एक वीडियो बनाकर व्हॉट्सएप स्टेटस पर अपलोड किया। फिर नायलॉन की रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
कपल ने रिश्तेदारों के नाम वीडियो बनाया। सुसाइड करने से पहले एनी ने वीडियो बनाकर रिश्तेदारों से कहा कि वो अपने बच्चों का ख्याल रखें और उनके जाने के बाद होने वाली शादी को पोस्टपोन ना करें। पति ने पत्नी के शव को फूल से सजाया, फिर जान दे दी। 57 साल के जेरिल का शव किचन में फंदे से लटकता मिला, जबकि उनकी पत्नी ऐनी का शव ड्राइंग रूम में पाया गया।
