नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह आज पंचतत्व में विलीन हो गये। निगमबोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
इससे पूर्व कांग्रेस मुख्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह जी को अंतिम विदाई दी। डॉ सिंह की विनम्रता, मार्गदर्शन और देश के लिए योगदान इतिहास के पन्नों में सदा जीवित रहेंगे।
भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन के बाद पूरा देश शोक में है… देश के आर्थिक विकास की आधारशिला रखने वाले व्यक्तित्वों को उचित सम्मान देने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली NDA सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी के मद्देनजर कल कैबिनेट ने अपनी बैठक में निर्णय लिया कि मनमोहन सिंह जी की स्मृति में एक स्मारक और समाधि बनाई जाएगी और जो भी प्रक्रिया समय लगेगा, यह बात कांग्रेस पार्टी को बता दी गई है। कैबिनेट के तुरंत बाद गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अवगत करा दिया। सरकार ने यह स्मारक बनाने का निर्णय लिया है और अब भूमि अधिग्रहण ट्रस्ट और भूमि हस्तांतरण की प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद, इसमें जो भी समय लगेगा, जितना भी समय लगेगा, यह काम हो जाएगा। लेकिन यह बहुत दुख की बात है कि कांग्रेस पार्टी जिसने कभी भी डॉ. मनमोहन सिंह को उनके जीवनकाल में सम्मान नहीं दिया… आज उनकी मृत्यु के बाद भी उनके सम्मान का राजनीतिकरण होता दिख रहा है… डॉ मनमोहन सिंह गांधी नेहरू परिवार के बाहर के पहले प्रधानमंत्री थे जिन्होंने 10 साल तक प्रधानमंत्री का पद संभाला और मैं ये भी याद दिलाना चाहता हूं कि कांग्रेस पार्टी ने नेहरू गांधी परिवार के बाहर के किसी भी प्रधानमंत्री को सम्मान नहीं दिया…कम से कम आज इस दुःख की घड़ी में राजनीति करना बंद कर देना चाहिए। जहां तक हमारी सरकार का सवाल है, प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने दलीय भावना से ऊपर उठकर सभी नेताओं को सम्मान दिया है… जिस तरह से डॉ मनमोहन सिंह जी के कार्यकाल में उनके साथ व्यवहार किया गया, देश के पास कुछ भी छिपा नहीं है…”
