मुज़फ्फरनगर। छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर शिवसेना कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने प्रकाश चौक स्थित शिवसेना कार्यालय पर श्रद्धा और उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान कार्यालय परिसर को भगवा ध्वज और फूल-मालाओं से सजाया गया तथा शिवाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और शिवाजी महाराज के जयघोष के साथ हुई। बड़ी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर शिवसेना के जिला अध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज ने राष्ट्र, धर्म और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। वे एक महान योद्धा ही नहीं बल्कि दूरदर्शी प्रशासक भी थे। उनके साहस, नीति और संगठन क्षमता से आज की युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिवसेना शिवाजी महाराज के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जतिन वशिष्ठ ने अपने संबोधन में कहा कि शिवाजी महाराज ने विपरीत परिस्थितियों में भी अदम्य साहस का परिचय दिया और स्वराज की स्थापना कर इतिहास रच दिया। उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर राष्ट्रहित में कार्य करने और शिवाजी महाराज के सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस दौरान अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम में उत्साह व श्रद्धा का वातावरण बना रहा इस दौरान विनय कुमार लक्ष्य प्रिंस शैलेंद्र मनोज कुमार प्रिंस निकुंज चौहान मनोज चौधरी ललित रुहेला अमित कुमार सूरज सेटी आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।


