कैराना (शामली)। कैराना क्षेत्र में एक युवती को सोशल मीडिया पर कथित रूप से धमकी देने और अभद्र टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़िता के परिवार की ओर से मुख्यमंत्री को प्रार्थना-पत्र भेजकर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
परिवार का आरोप है कि युवती जनहित के मुद्दों और सामाजिक विषयों पर मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी राय व्यक्त करती रही है। हाल ही में राजनीतिक विषयों पर विचार रखने के बाद कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया और जान से मारने की धमकियाँ दी गईं। शिकायत में कैराना सांसद इकरा हसन के कुछ समर्थकों पर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया गया है। साथ ही दो व्यक्तियों — नदीम पुत्र शब्बीरा, निवासी ग्राम बराला कुक्कारेहड़ी, थाना कैराना (जनपद शामली) तथा शाद चौधरी पुत्र इरशाद, निवासी मोहल्ला आलकलां, कैराना (जनपद शामली) — को नामजद करते हुए सोशल मीडिया पर अभद्र और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने का आरोप लगाया गया है।
परिवार के अनुसार, इस घटना के बाद युवती मानसिक तनाव और भय के माहौल में है तथा उसकी सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। प्रार्थना-पत्र में आईटी एक्ट 2000 की धारा 67 तथा भारतीय न्याय संहिता/आईपीसी की धारा 504, 506 और 509 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने, आपत्तिजनक सामग्री हटवाने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
परिवार ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की अपील की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।


