खतौली। होली के चंदे को लेकर मंगलवार को किन्नरों के दो गुटों में जमकर मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक पक्ष की ओर से मुस्कान (पुत्री/गुरु अर्जाबाला, निवासी निवाली पकला बाग, हाल पता नावला, थाना मंसूरपुर) ने आरोप लगाया कि 24 फरवरी 2026 को होली के उपलक्ष्य में चंदा मांगने के दौरान सतीश उर्फ पोरी, शांति और 7-8 अन्य लोगों ने उन पर हमला किया। ये लोग गंग नहर जमना विहार के निवासी बताए गए हैं। मुस्कान के अनुसार, आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों, लात-घूंसों और पत्थरों से हमला किया। इस मारपीट में मुस्कान सहित उनके साथी सपना और पलक घायल हो गए। मुस्कान ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों को जबरन अपने साथ ले जाया गया। वहीं, दूसरे पक्ष की प्रीति किन्नर ने भी मारपीट का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक, पहले उनके पक्ष के लोगों पर हमला किया गया, जिससे उन्हें भी गंभीर चोटें आई हैं। प्रीति किन्नर को गंभीर हालत में खतौली सीएचसी से मुजफ्फरनगर रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही कस्बा चौकी इंचार्ज तेजवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर ले ली गई है और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


