मुजफ्फरनगर। गांधीनगर मोहल्ले में पानी के गुब्बारे को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कुकड़ा गांव के कुछ युवक गांधीनगर क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान एक बच्चे ने पानी से भरा गुब्बारा फेंक दिया। गुब्बारा लगने की बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि दोनों ओर से लात-घूंसों से जमकर मारपीट हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। नई मंडी थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच का प्रतीत होता है, जो बच्चों द्वारा गुब्बारा फेंकने से शुरू हुआ था। पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है।


