मुजफ्फरनगर। पचेंडा रोड पर स्थित पूर्व सांसद सईदुज्जमा और कांग्रेस नेता सलमान सईद के आवास पर आयोजित ‘ईद मिलन समारोह’ मंगलवार को राजनीतिक अखाड़े में तब्दील हो गया। कार्यक्रम में शिरकत करने पहुँचे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और यूपी प्रभारी अविनाश पांडे ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। अजय राय ने स्पष्ट चेतावनी दी कि योगी सरकार जहाँ भी अन्यायपूर्ण तरीके से बुलडोजर चलाएगी या धार्मिक स्थलों को निशाना बनाएगी, कांग्रेस वहां मजबूती से खड़ी मिलेगी।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए अजय शाहजहांपुर की घटना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि शहीद दिवस के दिन सरकार ने तीन शहीदों की मूर्तियों को खंडित कराया, जो बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस न केवल उन मूर्तियों को दोबारा लगवाएगी, बल्कि दोषियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराएगी। आज अगर कोई सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ सीना तानकर खड़ा है, तो वह सिर्फ कांग्रेस पार्टी हैयूपी प्रभारी अविनाश पांडे ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वर्तमान शासकों की नीतियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की साख को नुकसान पहुँचाया है। उन्होंने ईरान-इजरायल युद्ध के संदर्भ में गैस और डीजल के बढ़ते दामों पर चिंता जताते हुए कहा कि आम नागरिक त्रस्त है और राहुल गांधी संसद से सड़क तक जनता की आवाज उठा रहे हैं।आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति साझा करते हुए अविनाश पांडे ने बताया कि 2027 में ‘मिशन यूपी’ को फतह करने के लिए 3 लाख से अधिक पदाधिकारी चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य युवाओं और मजदूरों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली इस सरकार को उखाड़ फेंकना है। विपक्षी दल एकजुट होकर भाजपा को शिकस्त देंगे।इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सतपाल कटारिया, पूर्व सांसद सईदुज्जमा, सलमान सईद, पूर्व जिलाध्यक्ष सुबोध शर्मा, दिनेश पाल सहित कई जिलों के अध्यक्ष और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी मजबूती का संदेश देने का प्रयास किया है।।


