मुजफ्फरनगर। पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र, सहारनपुर अभिषेक सिंह द्वारा आगामी पर्व महाशिवरात्रि के संबंध में परिक्षेत्र सहारनपुर में की जा रही कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियों के बारे में प्रेस प्रतिनिधियों को विस्तृत जानकारी दी गई ।
डीआईजी द्वारा बताया गया कि महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने हेतु समुचित पुलिस प्रबंध किए गए हैं। परिक्षेत्र के अंतर्गत जनपद सहारनपुर, मुजफ्फरनगर एवं शामली के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख मंदिरों, शिवालयों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों एवं जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु महिला पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहाँ अतिरिक्त पुलिस बल नियुक्त किया गया है तथा निरंतर गश्त के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था एवं आपात स्थिति से निपटने के लिए अलग-अलग ड्यूटी प्लान तैयार किए गए हैं। महाशिवरात्रि पर्व के दौरान लगने वाले कांवड़ शिविरों के आयोजको के साथ गोष्ठी कर निर्देशो से अवगत कराते हुए समस्त व्यवस्था मानकानुसार करने हेतु अवगत कराया गया है। इसके अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है तथा कंट्रोल रूम को सक्रिय कर त्वरित सूचना आदान-प्रदान की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ पूर्ण कर ली गई हैं।


