Taja Report

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने खतौली हादसे के घायलों से की मुलाकात

मुजफ्फरनगर। भीषण सड़क हादसा: मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने घायलों से की मुलाकात, हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

आज जनपद मुजफ्फरनगर के जानसठ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुर्जरहेड़ी के निकट सठेड़ी चौराहे से नहर पटरी मार्ग पर मेरठ की ओर जा रहे एक पिकअप वाहन और सामने से आ रहे डंपर के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में सवार श्रमिक मटर तुड़ाई के लिए कार्यस्थल की ओर जा रहे थे। दुर्घटना अत्यंत गंभीर थी, जिसमें कई श्रमिक महिलाए घायल हो गयी तथा दो श्रमिकों का दुःखद एवं असामयिक निधन हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने तुरंत जिला प्रशासन से विस्तृत जानकारी प्राप्त की और त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मंत्री कपिल देव स्वयं जिला चिकित्सालय, मुजफ्फरनगर पहुँचे तथा वहाँ भर्ती घायलों से मिलकर उनका हालचाल जाना। उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं सिटी मजिस्ट्रेट, पटवारी व अन्य संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा आवश्यकतानुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम एवं समुचित दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है और प्रत्येक पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर उन्हें सांत्वना दी तथा आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी पारदर्शिता एवं तत्परता के साथ आवश्यक सहायता एवं अन्य वैधानिक सहायता उपलब्ध कराएगा।

मंत्री जी ने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना के कारणों की जांच कर आवश्यक विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। साथ ही उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के प्रति आमजन से भी सजग रहने की अपील की।

इस दुःखद अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने दिवंगत श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति दें। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।

प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *