Taja Report

प्रभु की प्राप्ति के लिए अहंकार और सांसारिक इच्छाओं का त्याग करना आवश्यक: हिमेश शास्त्री जी महाराज

सनातन धर्म सभा भवन में श्रीमद भागवत कथा के चौथे दिन नन्दोत्सव की गूंज, कृष्ण जन्मोत्सव पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

मुजफ्फरनगर। शहर के सनातन धर्म सभा भवन में आयोजित श्रीमद भागवत कथा के चौथे दिन रविवार को कृष्ण जन्मोत्सव और नन्दोत्सव बड़े उत्साह और आस्था के साथ मनाया गया। कथा के दौरान गजेन्द्र मोक्ष, वामन अवतार, श्रीराम चरित्र और श्रीकृष्ण जन्म की कथाओं का विस्तार से वर्णन किया गया। कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भगवान श्रीहरि का गुणगान किया। नगर विधायक व प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल भी पहुंचे और कथा श्रवण कर धर्म लाभ उठाया।

सनातन धर्म सभा भवन में समस्त अग्रवाल परिवार के तत्वावधान में चल रही श्रीमद भागवत कथा के चौथे दिन रविवार को नन्दोत्सव का आयोजन किया गया। कथा के दौरान व्यास पीठ से कथावाचक हिमेश शास्त्री ने श्रद्धालुओं को भक्ति और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। कथावाचक ने कहा कि मनुष्य को प्रभु की प्राप्ति के लिए अहंकार और सांसारिक इच्छाओं का त्याग करना आवश्यक है। उन्होंने भगवान की भक्ति को जीवन का सर्वोच्च मार्ग बताते हुए कहा कि जीवन में अहं को हटाकर खुद को भगवान से जोड़ लेने से ही शांति की प्राप्ति होती है। जीवन में जब तक कामना-इच्छा रहेंगी, भगवान दूर रहेगा, इच्छाओं का त्याग ही भगवान की प्राप्ति है।

कथा के दौरान हिमेश शास्त्री जी महाराज ने गजेन्द्र मोक्ष प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया गया कि सच्चे मन से की गई प्रार्थना पर भगवान स्वयं भक्त की रक्षा के लिए प्रकट होते हैं। इसके बाद वामन अवतार की कथा सुनाते हुए दान, धर्म और सत्य के महत्व को समझाया गया। साथ ही श्रीराम चरित्र के माध्यम से मर्यादा, आदर्श और कर्तव्य पालन का संदेश दिया। कृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंग पर कथा स्थल पर विशेष उत्साह का माहौल देखने को मिला। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग सुनते ही श्रद्धालु भक्ति में सराबोर हो गए और नन्दोत्सव मनाते हुए बधाई गीतों व श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

कृष्ण जन्म कथा के कारण कथा स्थल पर महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से कथा श्रवण कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया। आज कथा में मुख्य यजमान के रूप में अंकित बिन्दल (बिन्दल डुप्लैक्स), शरद गोयल बंटी (भारत रोलिंग मिल), उद्यमी भीमसेन कंसल, मुकेश तायल (मोदीनगर), राजकुमार गर्ग (कृष्ण मेडिकल स्टोर), दिनेश मोहन एडवोकेट, गोपाल बंसल (बिन्दल डुप्लैक्स), शिवम अग्रवाल और राहुल गौड ने व्यास पीठ पर श्रीमद भागवत का पूजन कर कथावाचक हिमेश शास्त्री का आशीर्वाद प्राप्त किया। सभी अतिथियों व श्रद्धालुओं का अग्रवाल परिवार की ओर से अभिनव अग्रवाल ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। यहां मुख्य रूप से परमात्मा शरण अग्रवाल, प्रदीप गर्ग, किशन अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल, अभिनव अग्रवाल, दीप अग्रवाल, अभिनव गर्ग, कार्तिक अग्रवाल, दीपक गोयल, योगेश माहेश्वरी, अमित गर्ग, सभासद पति शोभित गुप्ता, श्रुति अग्रवाल, निकिता अग्रवाल, आंचल अग्रवाल, इनाक्षी अग्रवाल, पूजा अग्रवाल, प्रीति तायल और रचना अग्रवाल सहित भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *