बठिंडा। मलोट रोड पर स्थित गांव बहिमन दीवाना के पास सूटकेस में मिली युवती की हत्या के मामले में लगातार तीन दिनों की मेहनत के बाद बठिंडा पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा कर कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि युवती की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके कथित प्रेमी ने ही की थी, जिसके साथ वह घर-बार छोड़कर रह रही थी। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने आरोपी प्रेमी को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। मृतका की पहचान बाघापुराणा की रहने वाली मलिका के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मोगा जिले की रहने वाली थी। दो दिन पहले बठिंडा–मालोट मुख्य सड़क पर एक लाल रंग के सूटकेस में युवती का शव बरामद हुआ था।
मौके पर डीएसपी परविंदर सिंह सरां और एसएचओ जसविंदर सिंह फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे थे। जब सूटकेस खोला गया तो युवती का आधा जला हुआ शव मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि युवती की गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर तेजधार हथियारों के गहरे निशान थे। इससे प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हो गया था कि हत्या के बाद सबूत मिटाने के इरादे से शव को जलाने की कोशिश की गई और फिर सूटकेस में भरकर सड़क किनारे फेंक दिया गया।

