बिजनौर । जनपद में कांवड़ यात्रा के मद्देनजर वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया है। बिजनौर से हरिद्वार जाने वाले सभी हल्के व भारी वाहनों को वाया मुजफ्फरनगर होकर जाना होगा। हादसा न हो, इसलिए मेरठ व मुजफ्फरनगर से बिजनौर की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को मीरापुर में बाईपास पर रोका जा रहा है। यह वाहन रात में 12 से चार बजे के बीच रवाना किए जाएंगे। प्रशासन ने हादसों पर रोक लगाने के मद्देनजर जिले में वाहनों के रूट डायवर्जन की व्यवस्था बनाई है। प्रशासन ने पहले यह व्यवस्था पांच फरवरी से शुरू करने की घोषणा की थी, लेकिन यह आठ फरवरी से शुरू कर दी गई। बिजनौर से हरिद्वार जाने वाले कांवड़ियों के वाहनों को तो भागूवाला व मंडावर मार्ग से निकाला जाएगा लेकिन अन्य सभी हल्के व भारी वाहन वाया मुजफ्फरनगर होकर हरिद्वार जाएंगे। बिजनौर की तरफ से मुजफ्फरनगर आने वाले वाहनों के कारण मार्ग पर वाहनों की ज्यादा आवाजाही रही। इन हालातों में हादसे न हो, इसके लिए इस मार्ग पर सभी प्रमुख चौराहों व स्थानों पर पुलिस को तैनात किया गया है। प्रशासन ने भारी वाहनों के दिन में बिजनौर आने पर प्रतिबंध लगाया है। इसी के चलते मुजफ्फरनगर व मेरठ व अन्य स्थानों से बिजनौर जाने वाले सभी भारी वाहनों को मीरापुर में मोंटी तिराहे पर रोका गया है। पुलिस टीम सभी वाहनों को सड़क पर खड़ा करा रही है। रविवार को बाईपास पर ट्रकों की दूर तक लाइन लग गई। बिजनौर से हरिद्वार जाने वाले हल्के व भारी वाहनों को बिजनौर से चलकर गंगा बैराज, देवल, मीरापुर, जानसठ के बाद मुजफ्फरनगर में बाईपास से होकर जाना होगा। इस मार्ग पर गंगा बैराज, मोंटी तिराहा, जानसठ व मुजफ्फरनगर में बाईपास पर पुलिस को तैनात किया गया है।


