
मुजफ्फऱनगर। आगामी पर्व व त्यौहारों (संत रविदास जयंती, शब-ए-बारात) आदि को सकुशल सम्पन्न कराने, कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से आज दिनांक 30.01.2026 को जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा द्वारा जिला पंचायत सभागार में गणमान्य/संभ्रान्त व्यक्तियों, धर्मगुरुओं के साथ शांति समिति की मीटिंग का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर श्री सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री आदित्य बंसल, सिटी मजिस्ट्रेट श्री पंकज प्रकाश राठौर, समस्त क्षेत्राधिकारीगण तथा पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहे।
गोष्ठी के दौरान अधिकारीगण द्वारा उपस्थित सभी गणमान्य लोगों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी कर उनके शीघ्र निस्तारण हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया तथा सभी से अपील की गयी कि सभी लोग एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें, जनपद में शांति व्यवस्था बनाये रखें, साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाडने की कोशिश करने वालों/असामाजिक तत्वों/किसी भी प्रकार की आपराधिक अवंछित गतिविधियों दिखाई देने पर इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें बल्कि अफवाह की पुष्टि उच्चाधिकारियों से करे तथा जनपद में सौहार्दपूर्ण वातावरण का माहौल बनाये रखने में पुलिस व प्रशासन का सहयोग करें। सोशल मीडिया पर ऐसी कोई भी पोस्ट शेयर न करें जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों तथा किसी भी प्रकार की भडकाऊ/गलत/अशोभनीय पोस्ट शेयर न करें जिससे आपसी सौहार्द खराब हो, शोभायात्रा में शांति, अनुशासन एवं धार्मिक सौहार्द बनाए रखें तथा प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें। साथ ही सभी को निर्देशित किया गया कि संत रविदास जयंती व शब-ए-बारात शोभा यात्रा/जुलुस के दौरान शासन द्वारा जारी गाईडलाइन्स का पालन करे तथा कोई भी नई परंपरा प्रारम्भ न करें।


