Taja Report

सांसद इमरान मसूद ने पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद के निर्माण का किया विरोध

दिल्ली। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में ‘बाबरी’ नाम से मस्जिद निर्माण करने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मस्जिद की नींव रखने वाले विधायक हुमायूं कबीर के खिलाफ सख्त एक्शन की मांग की।कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, “मस्जिद बनने का कोई विरोध नहीं करता है, लेकिन ये लोग (हुमायूं कबीर) देश में नफरत बोना चाहते हैं।” उन्होंने कहा, “नफरत के नाम पर मस्जिद बनाओगे और पूरे देश में नफरत फैलाओगे, तो जहां आप बहुसंख्यक हैं, वहां आप यह काम कर सकते हो, लेकिन जहां मुसलमान थोड़ी तादाद में हैं, उनके खिलाफ आप नफरत बो दोगे। आप देश में क्या तमाशा करना चाहते हो? आप देश में और कितनी मस्जिदों को तुड़वाने की साजिश कर रहे हो?” हुमायूं कबीर पर निशाना साधते हुए इमरान मसूद ने कहा, “2019 में जब आप भाजपा का झंडा लेकर चुनाव लड़ रहे थे, तब आपको ‘बाबरी मस्जिद’ की याद नहीं आ रही थी। उनका झंडा लेकर तुम दौड़ रहे थे और अब उनके कहने पर देश में नफरत बोना चाहते हो।ममता बनर्जी से कहूंगा कि सख्त एक्शन लें।” कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने हैदराबाद में भी ‘बाबरी मस्जिद’ बनाए जाने की उठ रही मांग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “ऐसे लोग भी कहीं न कहीं भाजपा के साथ मिले हुए होंगे।” इमरान मसूद ने कहा कि आप मस्जिदें बनाइए, मस्जिद बनाने से आपको कौन रोक रहा है? इसी बीच, इमरान मसूद ने इंडिगो संकट पर कहा, “यह जनता से जुड़ा मामला है, तो लोग परेशान हैं। बहुत से लोगों की शादियां रद्द हो गईं, लोगों का सामान इधर-उधर है।” नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू पर कांग्रेस सांसद ने कहा, “आपने एयरलाइंस खत्म कर दीं। आज हिंदुस्तान के पास अपनी कोई एयरलाइन नहीं बची। एयर इंडिया किसने बनाया था? आपने उसे बेच दिया।”

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *