बिजनौर । मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे भारी वाहनों के लिए भी खोल दिया गया। यातायात पुलिस ने बिजनौर बैराज मार्ग को बंद करने के लिए लगाए गए बैरियर को हटा लिया। दरअसल गंगा का तटबंध टूटने और सड़क पर कभी भी पानी आने की आशंका के चलते बिजनौर बैराज मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी थी।
शुक्रवार को नेशनल हाईवे और सिंचाई विभाग के अफसरों ने मंथन के बाद सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही के लिए हामी भर दी। पुलिस के यातायात प्रभारी रवि नैन ने अलग अलग चौराहों पर रखे बैरियर को हटा लिया। बता दें कि पिछले दिनों करीब नौ मीटर तटबंध को गंगा की धारा ने काट डाला। ऐसे में तटबंध के टूटने से बाढ़ आने की आशंका के बाद मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे को आठ सितंबर को बंद कर दिया था। नौ सितंबर को बाइक और कार के लिए भी यह रास्ता बंद कर दिया गया। हालांकि पानी नहीं आया तो दस सितंबर की सुबह बाइक और कारों को निकलने की अनुमति दे दी गई। इसके बाद बसों का संचालन भी शुरू कर दिया गया था। मगर ट्रक और अन्य मालवाहक वाहन शुक्रवार की दोपहर से चलने चालू हुए। आठ अगस्त को मालन नदी का तटबंध टूटने के कारण हाईवे पर पानी आया तो यह सड़क आवाजाही के बंद कर दी गई थी। फिर बैराज के पुल में खराबी आ गई। बैराज पुल की मरम्मत करनी पड़ी।


