शामली । जिले में एटीएस (आतंकवाद निरोधक दस्ता) ने छापा मारकर कैराना और सदर कोतवाली क्षेत्रों में छापेमारी कर एटीएस की 12 सदस्यीय टीम ने कैराना से तीन पुरुषों और शामली से एक महिला को हिरासत में लिया। सभी पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के जासूस होने का संदेह है। संदिग्धों को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए देवबंद ले जाया गया है। इस छापेमारी से जिले में हड़कंप मच गया है।
पिछले दिनों गाजियाबाद में भी पाकिस्तानी जासूसी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया था, जिसके तार अब शामली से जुड़ते दिख रहे हैं। यह कार्रवाई गाजियाबाद में कुछ समय पहले हुई गिरफ्तारियों से जुड़ी बताई जा रही है। स्थानीय पुलिस सूत्रों के अनुसार, कैराना से साजिद पुत्र मेहरदीन (गांव नगला राई), इंतजार टार्जन और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। शामली के बरखंडी क्षेत्र से आसफा नामक महिला को भी एटीएस ने पकड़ा है। एटीएस अब हिरासत में लिए गए सभी संदिग्धों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उनके आईएसआई से संबंधों और जासूसी नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।