मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उनकी धर्मपत्नी द्वारा वृद्ध माताओं संग दिवाली का पावन पर्व मनाया गया। उन्होंने पुलिस परिवारों के साथ भी पर्व की खुशियां साझा कीं।
दीपावली के पावन पर्व पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी डॉ० नीलम राय वर्मा द्वारा मूंगा देवी मुक्ता महिला आश्रम पहुँचकर वहाँ निवासरत वृद्ध माताओं को उपहार एवं मिठाई भेंट कर दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दी गईं। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उनकी धर्मपत्नी ने वृद्ध माताओं के साथ आत्मीय संवाद स्थापित किया तथा उनके स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि “वृद्धजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका स्नेह, आशीर्वाद एवं जीवन अनुभव समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहते हैं।” वृद्ध माताओं ने भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उनकी धर्मपत्नी को हार्दिक आशीर्वाद देते हुए उनके इस सामाजिक एवं मानवीय पहल की सराहना की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी डॉ0 नीलम राय वर्मा द्वारा पुलिस लाइन मुजफ्फरनगर में उपस्थित पुलिस परिवार के सदस्यों के साथ दीपावली का पर्व उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद किया तथा सभी को उपहार व मिठाई वितरित करते हुए उज्ज्वल भविष्य एवं मंगलमय जीवन की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मिश्रा, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित पुलिस लाइन में तैनात अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे।


