Taja Report

मुज़फ़्फ़रनगर जिलाधिकारी ने सुनी उद्योग बंधुओं की समस्या

मुज़फ़्फ़रनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की महत्वपूर्ण बैठक फेडरेशन ऑफ मुज़फ़्फ़रनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के फेडरेशन हॉल में आयोजित की गई। बैठक में सहायक आयुक्त उद्योग द्वारा पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों एवं की गई कार्रवाई से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया।बैठक के दौरान जिले के विभिन्न औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं उद्यमियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस पर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि उद्यमियों की समस्याओं का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि उद्योग बंधु की बैठकों में सभी संबंधित अधिकारी स्वयं एवं समय से उपस्थित रहें।

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि कहीं भी विद्युत तार झुके हुए न रहें और जहां ऐसी स्थिति है, वहां तत्काल सुधार कराया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग द्वारा सड़क खोदने से पूर्व संबंधित विभाग से एनओसी अनिवार्य रूप से ली जाए और कार्य पूर्ण होने के बाद सड़क को पूर्ववत स्थिति में ठीक कराया जाए, सड़क क्षतिग्रस्त न छोड़ी जाए।उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि जो टेलीफोन व विद्युत पोल अनुपयोगी होकर सड़कों पर लगे हुए हैं, उनकी जांच कर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर उन्हें हटवाने की कार्रवाई की जाए। इस पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका ने जानकारी दी कि अरिहंत रोड के निर्माण हेतु टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा, जिस पर औद्योगिक संगठनों द्वारा हर्ष व्यक्त किया गया।वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने अवगत कराया कि रेनबो रोड औद्योगिक आस्थान की सड़क का भी टेंडर हो चुका है और आगामी एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी औद्योगिक संगठनों से आह्वान किया कि वे औद्योगिक आस्थानों के साथ-साथ मुख्य मार्गों पर भी साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण कार्यों में नगर पालिका के साथ मिलकर सहयोग करें। उन्होंने उद्यमियों को बिजली बिलों के ऑनलाइन भुगतान के लिए भी प्रोत्साहित किया।इसके अतिरिक्त उद्योगों को विकास प्राधिकरण एवं जिला पंचायत से मानचित्र स्वीकृति के दौरान अन्य विभागों से एनओसी प्राप्त करने में हो रही देरी के समाधान हेतु उद्योग विभाग एवं ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर प्रिंस जैन द्वारा विकसित “उद्यमी मित्र ऐप” की जानकारी दी गई। ऐप के संचालन को लेकर एक प्रशिक्षण सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें लगभग सभी जिला स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक का संचालन आशीष कुमार, सहायक आयुक्त उद्योग द्वारा किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सभी औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *