Taja Report

मुजफ्फरनगर होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में वरिष्ठ नागरिको के बने आयुष्मान कार्ड

मुजफ्फरनगर। निकटवर्ती ग्राम जड़ौदा स्थित होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमलकिशोर देशभूषण के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के मार्गदर्शन में 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनवाने हेतु एक विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सरकार की स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना और उन्हें निशुल्क चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराना था, ताकि वे आर्थिक बोझ से मुक्त होकर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।कार्यक्रम के दौरान बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि वे अवश्य अपना आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनवाएं, क्योंकि इस कार्ड के माध्यम से बुजुर्गों को अस्पताल में निशुल्क उपचार, चिकित्सीय जांच और आवश्यक दवाओं की सुविधा उपलब्ध होती है। उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र में स्वास्थ्य से संबंधित समस्याएँ अधिक होती हैं, ऐसे में यह योजना बुजुर्गों के लिए बड़ी राहत देने वाली सिद्ध हो रही है।

जिला समन्वयक डॉ. आकाश त्यागी ने उपस्थित लोगों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाने की विस्तृत प्रक्रिया, पात्रता मानकों और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना पूरी तरह निःशुल्क है और सरकार का लक्ष्य है कि जिले का हर पात्र व्यक्ति इसका लाभ प्राप्त करे। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से समय से कार्ड बनवाने और अपने आसपास के पात्र वरिष्ठ नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

इसके अलावा जिला शिकायत निवारण अधिकारी शोज़ब जैदी भी कार्यक्रम का हिस्सा बने। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि यदि किसी भी वरिष्ठ नागरिक को कार्ड बनवाने में बाधा आती है, या बाद में योजना का लाभ लेने में कोई समस्या उत्पन्न होती है, तो वे सीधे जिला शिकायत निवारण अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर तत्काल समाधान प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसी भी पात्र व्यक्ति को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

 

कार्यक्रम के दौरान 70 वर्ष और उससे अधिक आयु वाले उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान वय वंदना कार्ड मौके पर ही बनाए गए। कार्ड प्राप्त करते ही कई बुजुर्गों ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इस योजना से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।

कार्यक्रम के समापन पर होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज जड़ौदा के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया द्वारा डॉ. राजीव कुमार, डॉ. आकाश त्यागी, शोज़ब जैदी सहित सभी अतिथियों को सम्मान प्रतीक भेंटकर स्वागत किया गया। प्रधानाचार्य ने कहा कि इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रम समाज के जरूरतमंद और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं, क्योंकि इनके माध्यम से उन्हें समय पर जरूरी सुविधाएं मिल पाती हैं। उन्होंने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *