मुजफ्फरनगर। विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी के पुत्र पर हुए हमले के मामले में कार्रवाई न होने के विरोध में सोमवार को नई मंडी थाना परिसर में वीएचपी कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने थाना प्रभारी बृजेश शर्मा को हटाने और आरोपियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की।
धरने में विश्व हिंदू परिषद के साथ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें भाजपा के जिला मंत्री सचिन सिंघल के साथ विभाग संगठन मंत्री ओजेश गौड़, अर्जुन मलिक, जिला सह संयोजक वैभव चौधरी, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य भानू प्रताप और नगर मंत्री मुकुल सैनी शामिल रहे।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि 17 जनवरी 2024 को वीएचपी के सहसंपर्क प्रभारी संजय शर्मा के पुत्र पर एसडी स्कूल के मैदान में अज्ञात लोगों ने धारदार हथियारों से हमला किया था और हवाई फायरिंग कर जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस संबंध में थाना नई मंडी में तहरीर दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
वीएचपी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा 26 जनवरी को भी थाना परिसर में धरना जारी रहेगा।


