मुजफ्फरनगर। जनपद में बदहाल सड़कों और जलभराव की समस्या को लेकर वर्षों से लगातार शिकायतों के बावजूद जब जिला प्रशासन की ओर से कोई कदम नहीं उठाया गया, आज गुरुवार सुबह एक 24 वर्षीय युवक ने ऐसा अनोखा कदम उठाया कि हर कोई दंग रह गया। विजय हिंदुस्तानी नाम के इस युवक ने हाथ-पैरों में लोहे की बेड़ियां डालकर, हाथ में तिरंगा थामे, सड़क पर भरे गंदे पानी में “समाधि” लेकर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।नई मंडी थाना क्षेत्र के परिक्रमा मार्ग पर पिछले दो वर्षों से सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और जलभराव की समस्या बनी हुई है। यह वही मार्ग है जो श्री राम कॉलेज और वसुंधरा रेजिडेंसी को जोड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जलभराव के कारण आम जनता ही नहीं, स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाले छात्र-छात्राएं भी रोजाना परेशानी झेल रहे हैं। कई बार शिकायतें की गईं, पर सड़क निर्माण और जल निकासी की दिशा में कोई सुधार नहीं हुआ।इसी लापरवाही से व्यथित विजय हिंदुस्तानी ने गुरुवार सुबह क्रांतिकारी अंदाज में सड़क पर जमा ठंडे गंदे पानी में उतरकर अनोखा विरोध प्रदर्शन शुरू किया। उनकी पीठ पर दो दर्जन से अधिक शहीदों के नाम गुदवाए हुए हैं, जो उनकी देशभक्ति और संवेदनशीलता को दर्शाते हैं। युवक को इस हालत में देखकर राहगीर रुकते गए और भीड़ जुटती गई। लोग ‘जिला प्रशासन मुर्दाबाद’ के नारे लगाते हुए युवक का हौसला बढ़ाते रहे।कई घंटे बीत जाने के बाद भी कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस बीच ठंडे पानी में लगातार बैठने से विजय हिंदुस्तानी की तबीयत बिगड़ने लगी। स्थिति को बिगड़ते देख उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल और नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप मौके पर पहुंचे। उन्होंने विजय हिंदुस्तानी से बात की, उनकी पीड़ा समझी और कार्रवाई का आश्वासन दिया। मंत्री ने जनता को भी भरोसा दिलाया कि सड़क का अगले कुछ महीनों में निर्माण करा दिया जाएगा और जल निकासी की समस्या को प्राथमिकता पर हल किया जाएगा।फिलहाल मिट्टी आदि डालकर सड़क को चलने लायक बना दिया जाएगा ।राज्य मंत्री के आश्वासन के बाद विजय हिंदुस्तानी ने अपना धरना समाप्त किया। मौके का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन समय रहते समस्याओं पर ध्यान दे, तो जनता को ऐसे कठोर कदम उठाने की जरूरत ही न पड़े। उम्मीद की जा रही है कि इस घटना के बाद प्रशासन अब सक्रिय होकर परिक्रमा मार्ग की खस्ता हालत जल्द सुधारेगा।
नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने जानकारी देते हुए बताया कि इस रोड को बनाने का टेंडर पास हो चुका है और आज सुबह नगर पालिका की टीम भी मौका मुआयना करने के लिए आई थी लेकिन काम शुरू नहीं हो सका। हमें बताया कि रोड के दोनों तरफ निकासी के लिए नल का निर्माण किया जाएगा उसके बाद रोड बनेगा उससे पहले इस सड़क को चलने के लायक बनाया जाएगा इसके लिए रिपेयरिंग कार्य शुरू करेंगे।


