Taja Report

मुजफ्फरनगर में बोले चन्द्रशेखर रावण एसआईआर के जरिए वोट की चोरी नहीं होने दी जाएगी

मुजफ्फरनगर। राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पर आजाद समाज पार्टी की रैली में सांसद चन्द्रशेखर ने मंच से कहा कि एसआईआर के जरिए वोट की चोरी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ‘यह यूपी है, बिहार नहीं।’

चन्द्रशेखर ने कहा कि 1 जनवरी से रोजगार के मुद्दे पर बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही ईवीएम बंद कराने के लिए अलग से राज्यव्यापी आंदोलन चलाया जाएगा। संविधान बोलने की आजादी देता है। संविधान धर्म की आजादी देता है। आर्टिकल 25 से 30 तक हमें धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार मिलता है। लेकिन आज स्थिति ऐसी है कि कोई आवाज उठाए तो उसके घर पर बुलडोजर चला दिया जाता है। यह संविधान का राज नहीं है, यह किसी और का राज है। भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि जो उनका समर्थन करें, वह ईमानदार कहलाता है, और जो उनके खिलाफ बोले, उसके खिलाफ षड्यंत्र रचे जाते हैं। लखनऊ और दिल्ली में बैठे लोगों को मैं बताना चाहता हूं कि हमारी ताकत को कम मत समझो। जो हमारा विरोध करे वह अपराधी बना दिया जाता है, और जो साथ दे वह भक्त कहलाता है। किसानों के लिए गन्ना मूल्य 500 रुपये करने का वादा किसानों की समस्याओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि डीएपी की कमी से किसान परेशान हैं। मौका मिला तो गन्ना मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर ठेकेदारी व्यवस्था खत्म कर युवाओं को पक्की सरकारी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी देने का वादा करने वाली सरकारें केवल भरोसे पर खेल रही हैं। अच्छे दिन उसी दिन शुरू हो गए थे। जब बाबा साहब अंबेडकर ने 26 नवंबर 1949 को संविधान सौंपा और 26 जनवरी 1950 को वह लागू हुआ। हमारे साथ धोखा यहीं से शुरू हुआ। हमसे कभी नहीं बताया गया कि अच्छे दिन कब आएंगे, जबकि सच्चाई यह है कि अच्छे दिन तब आएंगे जब राजकाज हमारा होगा, जब प्रधानमंत्री हमारा होगा, जब लोकतंत्र में हिस्सेदारी हमारी होगी।

चन्द्रशेखर ने कहा कि वेस्ट यूपी की जनता हाईकोर्ट बेंच की लंबे समय से मांग कर रही है। उनकी पार्टी सरकार में आते ही वेस्ट यूपी में हाईकोर्ट की बेंच स्थापित करवाएगी। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि पिछले 75 साल में कांग्रेस और बीजेपी ने प्रदेश के लिए क्या किया।

रैली में शहर व ग्रामीण क्षेत्रों से समर्थक बड़ी संख्या में पहुंचे, जिससे आयोजन स्थल पूरा खचाखच भर गया। मंच पर वरिष्ठ पदाधिकारियों ने राजनीतिक मुद्दों और संगठन विस्तार पर बात रखी। रैली के दौरान पूर्व विधायक शाहनवाज राणा ने आधिकारिक रूप से ‘आसपा’ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

जीआईसी मैदान में आसपा की “संवैधानिक अधिकार बचाओ, भाईचारा बनाओ” रैली में आने वाले वाहनों के लिए कूकड़ा मंडी में विशेष पार्किंग बनाई गई। पुलिस व परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से रूट डायवर्जन लागू किया ताकि भीड़ और जाम की स्थिति न बने। रैली में राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर, प्रदेश अध्यक्ष सुनील चित्तौड़, भीम आर्मी भारत एकता मिशन के अध्यक्ष विनय रतन सिंह, पूर्व सांसद अमीर आलम, पश्चिमी प्रभारी नवाजिश आलम और कोर कमेटी सदस्य मो. गाजी मौजूद रहे।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *