मुजफ्फरनगर नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर तड़के तीन बजे अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने आल्टो कार में टक्कर में ऑल्टो सवार पौड़ी गढ़वाल निवासी आकाश भारती (34) और स्कार्पियो सवार युवक की मौत हो गई। टक्कर लगते ही धमाके जैसी आवाज आई।
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर के मोहल्ला मिस्त्रीनगर निवासी आकाश भारती अपने साथी किरत नगर निवासी प्रदीप व कैलाश के साथ मंगलवार रात ऑल्टो कार में सवार होकर श्रीनगर से दिल्ली जा रहे थे। तड़के करीब तीन बजे दिल्ली-देहरादून हाईवे पर नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में ड्रीम सिटी के बीच पहुंचे, तभी स्कॉर्पियो गाड़ी ने उनकी कार में टक्कर मार दी।
दोनों गाड़ियों में टक्कर होने का धमाका दूर तक सुनाई दिया। दोनों कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हाईवे से गुजर रहे वाहन चालकों ने हादसे की जानकारी नई मंडी कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने पहुंचकर दोनों कारों में फंसे घायलों को राहगीरों की मदद से बाहर निकाला। हाईवे पर तैनात एंबुलेंस को बुलाकर चारों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल में आकाश भारती की मौत हो गई। डॉक्टरों ने उसके दोनों साथियों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। कुछ देर बाद स्कॉर्पियो सवार चालक युवक ने भी दम तोड़ दिया। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने बताया कि काफी प्रयासों के बाद भी स्कॉर्पियो सवार युवक की पहचान नहीं हो सकी है। शव को पहचान के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। पौड़ी गढ़वाल निवासी मृतक युवक के परिजन पहुंच गए। मृतक आल्टो सवार युवक के ससुर यमुना नगर हरियाणा निवासी सुशील कुमार ने स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी। घायल दो अन्य युवकों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।