Taja Report

मुजफ्फरनगर भाजपा जिला कार्यकारिणी में समाज के तिरस्कार पर भड़का विश्वकर्मा समाज

मुजफ्फरनगर । विश्वकर्मा समाज के लोगों में भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यकारिणी में समाज को प्रतिनिधित्व न मिलने को लेकर गहरा असंतोष व्याप्त है। विश्वकर्मा समाज के लोगों का कहना है कि जनपद में समाज के लगभग 60 से 80 हजार वोट होने के बावजूद जिला कार्यकारिणी में समाज को एक भी सदस्य पद नहीं दिया गया, जो कि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।समाज के वृद्ध और युवा नेता ने कहा कि विश्वकर्मा समाज के लोग वर्षों से भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते आ रहे हैं और हर चुनाव में पार्टी को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। इसके बावजूद जिला कार्यकारिणी में समाज की पूरी तरह अनदेखी होना समाज के हजारों कार्यकर्ताओं की भावनाओं को आहत करने वाला निर्णय है।

उन्होंने कहा कि भाजपा हमारी अपनी पार्टी है, इसलिए हम अपने वरिष्ठ नेतृत्व और संगठन के जिम्मेदार पदाधिकारियों से सम्मानपूर्वक अपने समाज के लिए उचित प्रतिनिधित्व और भागीदारी की मांग कर रहे हैं। समाज के बुद्धिजीवियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही विश्वकर्मा समाज को जिला कार्यकारिणी में सम्मानजनक स्थान नहीं दिया गया, तो मुजफ्फरनगर का विश्वकर्मा समाज विश्वकर्मा चौक पर एकत्र होकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा की जिला कार्यकारिणी एवं कार्यशैली के प्रति विरोध दर्ज कराएगा।

उन्होंने कहा कि समाज का उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव करना नहीं है, बल्कि अपने समाज के अधिकार, सम्मान और भागीदारी की मांग करना है। विश्वकर्मा समाज हमेशा पार्टी के साथ मजबूती से खड़ा रहा है और आगे भी रहेगा, लेकिन समाज को उसका उचित सम्मान मिलना भी उतना ही आवश्यक है। आपको बता दें विश्वकर्मा समाज के लोग भाजपा के मंडल कमेटी में पहले से हैं जबकि अब जिला कार्यकारिणी में भी समाज की हिस्सेदारी की मांग कर रहे हैं।

 

Taja Report
Author: Taja Report

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *