मुजफ्फरनगर। जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें मदीना मस्जिद में अजान के दौरान लाउडस्पीकर बंद करवाने पहुंचे सब-इंस्पेक्टर पर मस्जिद के मोज्जिन के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार का आरोप लगा है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। पीड़ित पक्ष और धार्मिक संगठनों ने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मदीना चौक स्थित मदीना मस्जिद की है। मोज्जिन इरफान ने बताया कि बुधवार सुबह करीब छह बजे नमाज अदा करने के बाद वह मस्जिद से बाहर निकले, तभी कच्ची सड़क पुलिस चौकी के इंचार्ज विनोद चौधरी और चार अन्य पुलिसकर्मी वहां पहुंचे। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने लाउडस्पीकर को लेकर उनसे अभद्र भाषा में बात की और कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली टिप्पणी भी की। इरफान ने कहा कि मस्जिद के पास जिला प्रशासन से लाउडस्पीकर लगाने की लिखित अनुमति थी, लेकिन इसके बावजूद उन पर गाली-गलौज की गई और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी गई। मारपीट में उन्हें कई जगह चोटें आई हैं।


