Taja Report

मुजफ्फरनगर दलित महिला ने हाथ की नस काट कर किया वीडियो वायरल

मुजफ्फरनगर । शहर के नई मंडी कोतवाली इलाके में किराए के मकान में रहने वाली एक दलित महिला ने अपने हाथ की नस काटकर वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में महिला ने अपने दो छोटे बच्चों के साथ आत्महत्या की चेतावनी दी है और अपने लिव-इन पार्टनर पर गंभीर आरोप लगाए हैं।महिला ने बताया कि पिछले दो साल से वह मेरठ के गंगा नगर निवासी अरूण के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रही। अरूण ने बार-बार शादी का वादा किया और बच्चों को अपना नाम देने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में शादी से इंकार कर दिया। महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान वह मानसिक रूप से परेशान रही और उसे अपमानजनक व्यवहार का सामना करना पड़ा।महिला ने नई मंडी कोतवाली में दो तहरीरें दीं। पहली तहरीर में उसने बताया कि अरूण के दोस्त अर्पित के कहने पर उसने खुद को अरूण की पत्नी बताया था, जबकि दूसरी तहरीर में स्पष्ट किया कि शादी नहीं हुई बल्कि उसे परेशान किया गया। पुलिस ने पहली तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया, लेकिन आगे कोई कार्रवाई नहीं हुई।वीडियो में महिला ने कहा, “मैं दलित हूं, इसलिए मेरी सुनवाई नहीं हो रही। अगर मैं संपन्न या उच्च जाति की होती तो तुरंत कार्रवाई हो जाती। ऐसी स्थिति में मेरे पास कोई अन्य विकल्प नहीं बचा।” उसने अपने बच्चों के साथ आत्महत्या की चेतावनी भी दी।वीडियो वायरल होने के बाद नई मंडी कोतवाली पुलिस ने महिला को बुलाकर बयान दर्ज किया और साक्ष्य मांगे। सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि महिला ने पहले एसएसपी को प्रार्थना-पत्र दिया था, जिसमें खुद को अरूण की पत्नी बताया था, उसी आधार पर मामला दर्ज हुआ। अब महिला खुद इस बात को नकार रही है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *