Taja Report

मुजफ्फरनगर अविनाश को जेंडर बदल बनाया पलक, इस्लाम धर्म कबूल करने का भी बनाया दबाव

मुजफ्फरनगर। एक युवक ने किन्नरों पर जबरस्ती उसका लिंग परिवर्तन कराने और धर्मांतरण कर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव का आरोप लगाया गया है। लिंंग परिवर्तन के बाद पलक नाम से किन्नर समुदाय में रहती है। अविनाश उर्फ पलक ने नए मंडी कोतवाली में शिकायत करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

मामले की शिकायत करते हुए अलमासपुर निवासी अविनाश उर्फ पलक ने बताया कि उसे भजन-कीर्तन और जागरण में महिला किरदार निभाकर नृत्य करने का शौक था। उसकी शादी भी हुई, लेकिन जागरण में महिला वेशभूषा में काम करने के कारण परिवार टूट गया और वैवाहिक संबंध अधिक समय तक नहीं टिक सके और उनका तलाक हो गया। पलक के अनुसार, वर्ष 2016 में अविनाश के रूप में उसकी पहचान किन्नर डेरे की संचालक नाजिम बानो से हुई। पलक का आरोप है कि नाजिम बानो ने उसे प्रतिदिन 1500 से 2000 रुपए कमाने का लालच देकर अपनी टोली में शामिल कर लिया। उस पर इतना मानसिक दबाव बनाया गया कि नाजिम के कहने पर उसे दिल्ली ले जाकर जेंडर चेंज करा दिया गया। इसके बाद अविनाश का नाम किन्नर पलक रख दिया गया और किन्नर टोली के साथ बधाई मांगने पर मजबूर कर दिया गया। पलक का आरोप है कि जेंडर चेंज के बाद नाजिम बानो और उसके साथियों ने उस पर इस्लाम धर्म कबूल करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसे कलमा पढ़ने, नमाज अदा करने और खानपान बदलने के लिए भी मजबूर किया गया। पलक का कहना है कि उसे बाद में पता चला कि यह एक संगठित गिरोह है, जो युवाओं को पैसों का लालच देकर पहले उनका जेंडर चेंज कराता है और बाद में धर्मांतरण कराता है।

हालात से तंग आकर पलक राजस्थान चली गई, लेकिन उसके अनुसार नाजिम बानो ने वहां भी पीछा नहीं छोड़ा और राजस्थान के किन्नर समाज पर दबाव बनाकर उसे वापस सौंपने या खर्च किए गए कथित पैसों की भरपाई करने की मांग की। आखिरकार पलक मुजफ्फरनगर लौट आई, जहां अब भी कथित दबाव और धमकियां मिलने का आरोप उसने लगाया है। अब अविनाश उर्फ पलक ने पुलिस से शिकायत की है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न्याय की गुहार लगाई है। उसने प्रशासन से आरोपी किन्नर नाजिम बानो और उससे जुड़े लोगों की संपत्ति व गतिविधियों की जांच करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर तथ्यों की पड़ताल की जा रही है और सत्यापन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Taja Report
Author: Taja Report

Advertisements
Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *