मुजफ्फरनगर। जनपद में ‘नो हेलमेट नो हाईवे एंट्री’ अभियान के तहत एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने स्वयं दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे 58 पर दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने की शपथ दिलाई और 213 चालान काटे गए।
यह विशेष अभियान दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे 58 और अन्य स्टेट हाईवे पर चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है, क्योंकि जनपद में लगातार दुपहिया वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। अभियान का पहला चरण 5 जनवरी से शुरू हुआ था, जिसमें पुलिस ने हाईवे पर प्रवेश करने वाले दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने की सख्त हिदायत दी थी। इस चरण का फोकस जागरूकता फैलाने पर था। अभियान का दूसरा चरण सोमवार, 12 जनवरी से प्रभावी हुआ। रविवार रात को एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने पुलिस बल के साथ दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे 58 पर मोर्चा संभाला। उन्होंने ‘नो हेलमेट नो हाईवे एंट्री’ के बैनर के साथ दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाने की शपथ दिलाई। इस दौरान, हेलमेट न पहनने वाले 213 दुपहिया वाहन चालकों के लाखों रुपये के चालान भी किए गए।


