मुजफ्फरनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा आज जिला चिकित्सालय परिसर में स्थित रेन बसेरा का निरीक्षण किया गया। यह रेन बसेरा अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों के ठहरने की सुविधा हेतु स्थापित किया गया है। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य तीमारदारों के लिए उपलब्ध रुकने, बैठने, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेना रहा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने रेन बसेरा में ठहर रहे मरीजों के तीमारदारों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने वहां उपलब्ध बिस्तर, कंबल, शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा साफ-सफाई की स्थिति का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं।
डॉ. सुनील तेवतिया ने निर्देशित किया कि रेन बसेरा में किसी भी तीमारदार को असुविधा न हो, इसके लिए नियमित सफाई, पर्याप्त कंबल एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि मरीजों के साथ आए परिजनों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित ठहराव उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने तथा मानवीय संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।


